कांडा तहसील के धारी द्वितीय के कालीगाड़ गधेरे से रावतसेरा गांव के लिए बनाई जा रही पानी की लाइन का निर्माण नहीं रुकने से ग्रामीणों में उबाल है। गुस्साए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जोरदार नारेबाजी के साथ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंप योजना के निर्माण पर शीघ्र रोक लगाने की मांग की है। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार सुबह धारी द्वितीय के ग्रामीण ग्राम प्रधान जानकी देेवी की अगुवाई में जोरदार नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। सभा में ग्रामीणों ने कहा कि कालीगाड़ गधेरे से डोबरगाड़ा, सिलिंग्या, बग्जीबाली गांव के अलावा राउमावि उडेरिया के लिए पीने के पानी की लाइन बनी हैं। गधेरे में पानी पहले से ही कम है। अब पेयजल निगम की ओर से रावतसेरा गांव के लिए एक और लाइन का निर्माण किया जा रहा है।
इससे तीनों लाइनों का पानी काफी कम हो जाएगा। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को कई परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। नजदीक में पानी के अन्य स्रोत नहीं होने से ग्रामीणों के साथ ही मवेशियों की भी दिक्कतें बढ़ेंगी। कहा कि रावतसेरा गांव में पहले से ही पानी की कोई कमी नहीं है। बावजूद इसके पेयजल निगम क्षेत्र के गांवों को बड़े संकट में डाल रहा है।
उन्होंने डीएम से जल निगम को योजना का निर्माण शीघ्र रोकने के निर्देश देने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में हरीश धपोला, गोविंद धपोला, नरेंद्र धपोला, प्रताप बिष्ट, मंजू, सुनीता, दीवान सिंह, ठाकुर सिंह, शोबन, जीवन, पंचम, हरीश, बलवंत, रणजीत, दीपक, प्रताप मेहता, लक्ष्मण सिंह आदि शामिल थे। उधर डीएम रंजना राजगुरु ने कपकोट के संयुक्त मजिस्ट्रेेट मौके पर भेजकर मामले की जांच करवाने की बात कहकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।