बागेश्वर/कपकोट। नुमाइशखेत मैदान में 23 सितंबर से होने वाले नंदा-सुनंदा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं कपकोट के ऐठाण में चल रही सौपाती पूजा में श्रद्धालुओं ने पेठी गांव से आए देवडांगरों का भव्य स्वागत किया।
मंगलवार को नुमाइशखेत से ढोल, नगाड़े के साथ भक्त कदली वृक्ष लाने के लिए चौरासी रवाना हुए। बुधवार सुबह चौरासी के हरीश बिष्ट के घर से कदली वृक्ष लाया जाएगा। इसी वृक्ष से मां नंदा-सुनंदा की मूर्ति का निर्माण किया जाएगा। वहां कंचन साह, अनिल साह, बृज किशोर वर्मा, विजय रावत, चंद्रा उपाध्याय, कमला भैसोड़ा, जया जोशी, भगवती पांडेय, उमा गुरुरानी आदि रहे।
इधर, ऐठाण के भगवती मंदिर में चल रही ऐठानी वंशजों की सौपाती के मुख्य पूजा में शामिल होने के लिए मंगलवार को पेठी गांव से देवली वंशज देवडांगर पहुंचे। भराड़ी बाजार से देवडांगरों को श्रद्धालुओं ने कंधे पर बैठाकर मंदिर तक पहुंचाया। अध्यक्ष किशन सिंह ऐठानी ने बताया कि रात में देव अवतरण, भजन, चांचरी का आयोजन होगा। 20 सितंबर को भंडारे के साथ पूजा संपन्न होगी। संवाद