महाशिवरात्रि के पर्व पर शुक्रवार को शिव मंदिर भक्तों से खचाखच भरे रहे। नगर के पौराणिक बागनाथ मंदिर में जलार्पण करने वालों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने सरयू और गोमती के संगम पर हर-हर महादेव के घोष के साथ डुबकी लगाई। इसके बाद उन्होंने बेलपत्री के साथ भोलेनाथ को जलार्पण किया। मंदिरों में मनभावन भजनों का गायन चल रहे हैं।
नगर के सरयू, गोमती और विलुप्त सरस्वती के संगम पर स्थित पौराणिक बागनाथ मंदिर में पूजार्थियों का सुबह से ही तांता लगा रहा। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में संगम पर आस्था की डुबकी लगाई। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद देवाधिदेव बागनाथ, कालभैरव और बाणेश्वर भगवान को जल चढ़ाया। उन्होंने बागनाथ जी को सफेद वस्त्र, चावल, फल और मेवा भेंट किए। मंदिर में रूद्री पाठ कराया। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए महिला और पुरुष पुलिस तैनात थी।
बृहस्पतिवार को हरिद्वार से गंगा जल लेकर यहां पहुंचे रामनगर मालधनचौड़ के कांवड़ियों ने भोलेनाथ के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया। पुजारी रावल परिवार ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नीलेश्वर की पहाड़ी पहुंचकर नीलेश्वर महादेव और खोली गांव के गोपेश्वर महादेव मंदिर में जलार्पण किया। कांडा के रावतसेरा स्थित गोपेश्वर महादेव, टोपेेश्वर महादेव, मलसूना और टकनार के संगम पर स्थित शिरेश्वर मंदिर जोर का मेला लगा। यहां हनुमान मंदिर के शिलान्यास के बाद सुंदरकांड के पाठ का आयोजन हुआ।
कपकोट, तप्तकुंड, भद्रतुंग, खटगड़ा, गोलूना, मेहली और कर्मी के विनायक स्थित शिव मंदिर में जलार्पण करने वालों का सुबह से ही तांता लगा रहा। कपकोट में बद्री गिरि महाराज ने श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा। प्रजापति ब्रह्मकुमारी संगठन के तहत महिलाओं ने रंगोली पहनकर तप्तकुंड सोंग से ढोल-नगाडों के साथ भराड़ी से शिव मंदिर कपकोट होते हुए केदारेश्वर मैदान तक कलशयात्रा निकाली। शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके पहले गीता पाठशाला रीठाबगड़ में शिव ध्वजा रोपण किया। यहां बच्चों ने शिव पार्वती की झांकी निकाली।
केदारेेश्वर मैदान हिचौड़ी कपकोट में बच्चों ने शिव तांडव नृत्य पेशकर सभी का मन मोह लिया। विवेकानंद इंटर कालेज और सरस्वती शिशु मंदिर भराड़ी के बच्चों ने मनभावन कार्यक्रम पेशरकर सभी का मन मोह लिया। प्रजापति ब्रह्म कुमारी ईश्वरी विश्व विद्यालय रीठाबगड़ के भीम सिंह कोरंगा, ब्रह्मकुमारी पुष्पा कोरंगा, ब्रज प्रांत प्रचार प्रमुख प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया आदि ने लोगों से कहा कि शिव शांत और जग कल्याणकारी हैं। कार्यक्रम का संचालन सरस्वती शिशु मंदिर जूहा भराड़ी के प्रधानाचार्य भवगत कोरंगा ने किया।