बागेश्वर। कर्नल सीके नायडू अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता में बागेश्वर के देवेंद्र बोरा ने 10 विकेट हासिल कर उत्तराखंड की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दोनों पारियों में पांच-पांच विकेट झटके।
मंडलसेरा निवासी देवेंद्र बोरा तेज गेंदबाज हैं। पिछले कुछ समय से वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इन दिनों वह कर्नल सीके नायडू प्रतियोगिता में अपनी गेंदबाजी का दम दिखा रहा है। उन्होंने उत्तराखंंड और बंगाल के बीच हुए चार दिनी मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए दोनों पारियों में पांच-पांच विकेट हासिल किए। पहली पारी में उन्होंने 14 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 63 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि दूसरी पारी में 17.3 ओवर की बॉलिंग करते हुए 61 रन देकर पांच विकेट झटके। बुधवार को समाप्त हुए मैच में उत्तराखंड की टीम पांच विकेट से विजयी रही। देवेंद्र के प्रदर्शन पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सह सचिव सुरेश सोनियाल, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के उपाध्यक्ष राम चंद्र पांडेय, सचिव रमेश दानू, हरीश रावल आदि ने शुभकामनाएं दी हैं। संवाद
कश्मीर के खिलाफ लिए थे आठ विकेट
नवंबर में उत्तराखंड की टीम से अंडर-23 वनडे प्रतियोगिता में खेलते हुए बोरा ने शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने प्रतियोगिता के छह मुकाबलों में 13 विकेट लिए थे। इसमें जम्मू कश्मीर के खिलाफ हुए मैच में आठ ओवर की बॉलिंग करते हुए 25 रन देकर सात विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। संवाद