कपकोट ब्लॉक के उच्च हिमालयी क्षेत्र के सोराग गांव की समस्याएं जस की तस हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को जोरदार नारेबाजी के साथ कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम राहुल गोयल को सौंपा। इसमें उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
एडीएम को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने राइंका सोराग में प्रधानाचार्य, प्रवक्ताओं, सहायक अध्यापकों की तैनाती करने, गांव को दूर संचार सेवा से जोड़ने, बिजली की आपूर्ति सुचारु करने, गांव को उगियां सड़क से जोड़ने और सोंग-बदियाकोट सड़क का शीघ्र डामरीकरण करने की मांग की है। उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान चंद्र राम, जिपं सदस्य भागीरथी देवी, महिला मंगल दल की अध्यक्ष बसंती देवी, देवी सिंह, भगवती देवी, भगवत सिंह, हंशी देवी, बसंती और नंदी देवी आदि शामिल हैं।