सिमकूना-बाजड़ सड़क का मछियाकोट तक विस्तार नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। गुुस्साए ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर सड़क का निर्माण शीघ्र नहीं होने पर 15 दिसंबर से गोलू मंदिर दिगोली में धरना प्रदर्शन कर क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि सिमकूना-बाजड़ सड़क का मछियाकोट तक विस्तार के लिए भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने गत जनवरी महीने में सैैद्धांतिक मंजूरी दे दी थी। इसके बावजूद सड़क निर्माण के नाम पर आज तक पेड़ों का छपान तक ही नहीं हुआ है। मामले को लेकर पिछले महीने एक और पत्र दिया गया। लोनिवि और वन विभाग पर इसका असर नहीं पड़ा है।
ज्ञापन में उन्होंने डीएम से सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। निर्माण शीघ्र शुरू न होने पर 15 दिसंबर से क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में महिला मंगल दल की अध्यक्ष हेमा देवी, ग्राम प्रधान मीनाक्षी देवी, बहादुर सिंह, बहादुर सिंह, गोकुल सिंह, आशा देवी, जोगा सिंह, भरत सिंह, कमला देवी, अमरा देवी आदि शामिल थे।