बागेश्वर। सरयू नदी में उपखनिज की निकासी से लोगों में रोष है। सैंज वार्ड, ज्वालादेवी वार्ड और नारायण देव वार्ड के लोगों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने ज्ञापन देकर तत्काल खनन कार्य रुकवाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को डीएम को दिए ज्ञापन में लोगों ने बताया कि लंबे समय से सरयू नदी में खनन कार्य किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक कटाव के कारण जलीय जीवों के लिए खतरा पैदा हो गया है। लगातार मशीनें चलने से ध्वनि और वायु प्रदूषण हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि स्थानीय लोगों को तटबंध, सुरक्षा दीवार और अग्निकुंड से लेकर गोमती पुल तक हल्का वाहन मार्ग की जरूरत है। उन्होंने खनन कार्य को रोककर बाढ़ सुरक्षा दीवार और वाहन मार्ग बनाने की मांग की। इस मौके पर राधा देवी, आनंदी देवी, पार्वती देवी, कमला देवी, प्रेमा पांडेय आदि मौजूद रहीं।