बागेश्वर। शिवरात्रि के दिन बागनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए उमड़ेंगे। मंदिर प्रबंधन समिति ने एसपी को ज्ञापन देकर पर्व के दिन मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने की मांग की है।
समिति ने बताया कि शिवरात्रि के दिन सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा के लिए भक्तों का आना शुरू हो जाता है। दोपहर को ताकुला क्षेत्र के सतराली की होली भी यहां पहुंचेगी। इस दौरान भीड़ अधिक होने से अराजक तत्वों के सक्रिय होने का खतरा बना रहता है। समिति ने पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष नंदन सिंह रावल, सचिव बाला दत्त तिवारी, प्रधान पुजारी नंदन सिंह रावल, कोषाध्यक्ष राजा साह गंगोला आदि मौजूद रहे।