बागेश्वर के डिग्री कॉलेज में प्राचार्या अंजू अग्रवाल को ज्ञापन देते छात्रसंघ पदाधिकारी।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने कोरोना महामारी के कारण परीक्षा नहीं होने पर अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षाओं में प्रोन्नत करने और पूर्व में हुई परीक्षाओं के परीक्षाफल का फिर से मूल्यांकन करने की मांग की है।
बागेश्वर के डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारियों ने उपाध्यक्ष जयदीप कुमार के नेतृत्व में प्राचार्या अंजू अग्रवाल के माध्यम से कुलपति को भेजे ज्ञापन में कहा है कि बीए, बीएससी और बीकॉम के दूसरे और चौथे सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षाओं में प्रोन्नत किया जा रहा है लेकिन अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को प्रोन्नत न कर उनके साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं पर परीक्षा का दबाव बनाया जा रहा है। पिछले महीने घोषित परीक्षाफल में जिन छात्र-छात्राओं को आंतरिक परीक्षा में दस से कम अंक मिले हैं उनका दोबारा मूल्यांकन किया जाए। कहा है कि छात्र-छात्राओं की समस्या का समाधान करने के लिए विश्वविद्यालय हेल्पलाइन की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्रसंघ महासचिव भूपेश कुमार, कोषाध्यक्ष सचिन कठायत, छात्रा उपाध्यक्षा विद्या पांडे, पूर्व छात्र महासंघ के कोषाध्यक्ष गणेश कुमार, आशीष कुमार, ज्योति थापा, कैलाश फर्त्याल आदि शामिल थे। संवाद