तहसील परिसर में प्रदर्शन करते टनकपुर-बागेश्वर रेलमार्ग समिति के लोग
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर-बागेश्वर रेलमार्ग निर्माण संघर्ष समिति की मासिक बैठक में प्रदेश सरकार से स्थायी राजधानी गैरसैण को बनाने की मांग उठाई गई।
समिति अध्यक्ष नीमा दफोटी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की भावना का सम्मान करते हुए उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैण बनाई जानी चाहिए।
बैठक में प्रधान मंत्री और रेल मंत्री से टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि 1882 में प्रस्तावित इस रेल मार्ग का 2006 और 2009 में सर्वे किया जा चुका है।
2011-12 में इसे राष्ट्रीय परियोजनाओं में शामिल किया जा चुका है। इसके बाद भी इस पर कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। इस मौके पर उन्होंने पंचेश्वर बांध परिक्षेत्र में आने वाले 32 हजार लोगों को बेघर न करने और विभिन्न प्रजातियों के पेड़ों को नष्ट होने से बचाने की मांग उठाई गई।
बैठक में समिति के महासचिव खड़क राम आर्य, केवल सिंह, लक्ष्मी धर्मसत्तू, रामगिरि गोस्वामी, सरस्वती गैलाकोटी, सोबन सिंह धानिक आदि थे।