बागेश्वर। सफाई कर्मचारी संघ के जिला पदाधिकारियों ने पांच दिसंबर 2025 के प्रभाव से लागू होने वाली विभिन्न विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा, नियत वेतन, अल्पकालिक और तदर्थ रूप में नियुक्त कर्मचारियों के विनियमितिकरण संशोधन नियमावली 2025 को लागू करने की मांग की है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन दिया।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शासनादेश की कटऑफ तिथि चार दिसंबर 2018 निर्धारित की गई थी। इसके अनुसार दैनिक कर्मचारियों को जल्द ही 10 वर्ष पूरे हो रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यह नियमावली वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को विनियमितिकरण में शामिल करने के उद्देश्य से बनाई गई है। संघ के शाखा महामंत्री तेजपाल ने बताया कि शासनादेश जारी होने के बावजूद नियमावली को लागू करने में हो रही देरी से कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है। वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को विनियमितिकरण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द नियमावली को लागू करने की मांग की है। इस मौके पर अध्यक्ष मदन लाल, कोषाध्यक्ष जमन लाल, उपाध्यक्ष विजेंद्र पवांर, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।