बागेश्वर। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के गरुड़ तक विस्तार करने की मांग को जिला मुख्यालय से भी समर्थन मिलने लगा है। जिला अधिवक्ता परिषद ने समिति ने रेल लाइन की मांग के लिए गठित समिति की मांग को समर्थन दिया है। रेल लाइन का विस्तार बागेश्वर तक करने की भी मांग की है।
शनिवार को जिला बार एसोसिएशन के सभागार में परिषद की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए राजेश रौतेला ने गरुड़ तक रेल विस्तार के लिए बनी समिति के बारे में जानकारी साझा की। मौजूद अधिवक्ताओं ने गरुड़ के लोगों की पहल को सराहनीय बताया। कहा कि जिला मुख्यालय में रेल निर्माण संघर्ष समिति टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए संघर्ष कर रही है। कर्णप्रयाग रेल लाइन का विस्तार भी जिले तक होने से क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। ऋषिकेश रेल लाइन बागेश्वर से जुड़ेगी तो बागनाथ, बैजनाथ, पिंडारी, कौसानी, देवलधार स्टेट आदि क्षेत्रों में आने वाले सैलानियों की संख्या बढ़ेगी। पर्यटन कारोबार में बढ़ोत्तरी से रोजगार बढ़ेगा, पलायन रोकने में मदद मिलेगी। इस मौके पर संरक्षक गोविंद सिंह भंडारी, धन सिंह ठठोला, विनोद भट्ट, बसंत बल्लभ पाठक, कुंडल सिंह धपोला, मनोज जोशी आदि मौजूद रहे।