बागेश्वर-टनकपुर रेल निर्माण संघर्ष समिति की बैठक रविवार को तहसील परिसर में हुई। इसमें समिति के सदस्यों ने ब्रिटिश काल में प्रस्तावित रेल मार्ग का अब तक निर्माण नहीं होने पर रोष जताया। बाद में इस मांग को लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया और केंद्र सरकार से शीघ्र बजट स्वीकृत करने की मांग की गई।
रेल निर्माण संघर्ष समिति की अध्यक्षा नीमा दफौटी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने रेल मार्ग के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने की मांग की। सदस्यों ने पंचेश्वर बांध के निर्माण के प्रस्ताव को रद्द करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। कहा कि बांध के बजाय सरकार को रेल मार्ग का निर्माण करना चाहिए, ताकि पहाड़ का विकास हो सके।
इसके अलावा संघर्ष समिति के सदस्यों ने जिले की तहसीलों में उपजिलाधिकारियों की तैनाती करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि अधिकांश तहसीलों के गठन से जनता को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। बागेश्वर तहसील में रिक्त पड़े उप निबंधक के पद पर शीघ्र नियुक्ति की मांग भी संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रमुखता से उठाई।
सदस्यों ने मकर संक्रांति के दिन रैली निकालने का निर्णय लिया। बैठक में महासचिव खड़क राम आर्या, मोहन जोशी, केशवानंद जोशी, सरस्वती, पूनम जोशी, लक्ष्मी धर्मशक्तू, मीरा रौतेला, हेमा बिष्ट, कमलजीत नारायण, खीम सिंह, नर सिंह, हयात सिंह, प्रताप सिंह, केवल सिंह, गिरीश पाठक, प्रवीण सिंह, शोभा, प्रेमा, कमला, तुलसी, मीनाक्षी, गुड्डी जौहरी, दीपा, कविता, चंपा आदि थे।