गरुड़ (बागेश्वर)। सड़क निर्माण में कटी भूमि के मुआवजे का भुगतान वर्षों से नहीं होने से विकासखंड के किसानों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने लोनिवि, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी से भूमि के मुआवजे का भुगतान एक सप्ताह के अंदर करने की मांग की है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में डाक, ढोलगांव, लोहारचौरा, पिंगलों , सिमखेत , खैरलेख, तिमिलपानी, सेलाबगड़, कपकोटी के ग्रामीणों ने कहा कि उनके क्षेत्र में सड़कों का निर्माण कई साल पूर्व हो गया है। निर्माण एंजेसियों ने आज तक सड़क निर्माण में कटी भूमि के मुआवजे का भुगतान नहीं किया है। सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों ने निर्माण एजेंसियों से वर्तमान दरों पर मुआवजे का भुगतान करने की मांग की है। डीएम आशीष भटगांई ने निर्माण एजेंसियों से लंबित मुआवजे का भुगतान एक सप्ताह के अंदर किसानों को करने के निर्देश दिए हैं।