बागेश्वर के मेहनरबुंगा में सड़क पर डामरीकरण करने की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते लोग?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मेहनरबुंगा बाईपास मार्ग पर डामरीकरण नहीं होने से नाराज लोगों ने सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सड़क की सुध नहीं लेने पर विधायक चंदन राम दास का पुतला भी दहन किया।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बालकृष्ण के नेतृत्व में मेहनरबुंगा के लोगों ने बाईपास सड़क पर लेटकर बदहाली को जल्द दूर करने की मांग की। उनका कहना था कि सड़क पर बड़ी तादात में वाहनों की आवाजाही होती है, इसके बावजूद डामरीकरण नहीं किया गया है। धूल उड़कर घरों में आ रही है। प्रदूषण से लोगों को एलर्जी और सांस संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छतों पर सुखाने के लिए डाले गए कपड़े भी गंदे हो जाते हैं। कई बार विभाग और विधायक को ज्ञापन दिया गया, धरना-प्रदर्शन भी किया गया लेकिन सुध नहीं ली गई। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने कहा कि भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक लोगों की परेशानी को सुन नहीं रहे हैं। नगरपालिका का हिस्सा होने के बाद भी जब बाईपास सड़क बदहाल है तो आंतरिक सड़कों की दशा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जल्द सड़क पर डामरीकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करना किया जाएगा। प्रदर्शन में महेश पंत, अर्जुन देव, वार्ड के सूरज चंद्र राज, रमेश चंद्र, ललित सिंह बिष्ट, विजय चंद्र, नीरज कुमार, सुनीता देवी, परूली देवी आदि थे।