अल्मोड़ा/बागेश्वर। जल संस्थान की रानीखेत शाखा के कर्मचारियों से अभद्रता करने वाले एक कर्मचारी के खिलाफ अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले के जल संस्थान कर्मियों ने कार्रवाई की मांग की है।
अल्मोड़ा में सोमवार को कर्मचारी संगठन ने जल संस्थान के ईई अरूण कुमार सोनी को ज्ञापन सौंप कर कनिष्ठ सहायक पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए संस्थान में धरना दिया।
पेयजल तकनीकी फील्ड कर्मचारी संगठन अल्मोड़ा के शाखा सचिव भुवन चंद्र पांडे ने बताया की रानीखेत कार्यालय के कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने के विरोध में कुमाऊं के सभी जल संस्थानों में धरना दिया गया। बच्ची सिंह मेहरा की अध्यक्षता में अल्मोड़ा कार्यालय में धरना दिया। मेहरा ने कहा की इस संबंध में महाप्रबंधक जल संस्थान भीमताल को अवगत कराया गया था। बावजूद इसके कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वाले कनिष्ठ सहायक के खिलाफ अभी तक कार्रवाई नहीं की गई। वहां पर गोविंद सिंह बिष्ट, अर्जुन सिंह, देवेंद्र लाल आदि थे।
वहीं, बागेश्वर में उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संयोजक कुशल सिंह रावत के नेतृत्व में कर्मचारियों ने आरोपी कनिष्ठ सहायक के खिलाफ नारेेबाजी की। मोर्चा के सह संयोजक नवीन चंद्र पांडेय ने बताया कि दो सप्ताह पूर्व महाप्रबंधक कार्यालय के कनिष्ठ सहायक ने रानीखेत शाखा के कर्मचारियों से अभद्रता की थी। कनिष्ठ सहायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए रानीखेत में कर्मचारियों का धरना चल रहा है।
अब पूरे कुमाऊं मंडल के कर्मचारियों ने उनके आंदोलन को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों ने मामले में ईई को ज्ञापन भी सौंपा। वहां पर सह संयोजक शेखर चंद्र पांडेय, पूरन सिंह, सुरेश चंद्र जोशी, जियाउल हक, नसीम मोहम्मद, चंचल सिंह, आनंद मेर, रवि शंकर आदि थे।