बागेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोला है। कार्यकर्ताओं ने एसपी को ज्ञापन देकर समाज में भय और अभद्रता फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसपी जितेंद्र मेहरा को दिए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने बताया कि बीते 20 जून को नगरासू में निहंगों के किए हमले के बाद प्रदेश में असंतोष की भावना फैल गई है। सोशल मीडिया पर भी पहाड़ियों कि खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। समुदाय विशेष का अपमान किया जा रहा है। इससे लोगों की भावनाएं आहत हो रही है। यह समाज में वैमनस्य का कारण बन रही है। दल ने अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। जल्द अराजक तत्वों पर लगाम नहीं लगाए जाने पर दल ने भविष्य में आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भाष्कर सिंह बोरा, पंकज, ज्योति दानू आदि मौजूद रहे। संवाद