बागेश्वर के माजियाखेत में बड़ेत के समीप फंसी रोडवेज बस। स्त्रोत : जागरूक पाठक
बागेश्वर। नगर क्षेत्र को जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस केमू और रोडवेज की बसों को आंतरिक सड़कों की जगह बाईपास मार्गों से संचालित कर रही है। बाईपास मार्गों पर अव्यवस्थाओं और जगह-जगह बिखरी निर्माण सामग्री के कारण बस चालकों और यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।
सोमवार को माजियाखेत बाईपास पर बड़ेत के समीप मलबे का ढेर पड़ा होने से रोडवेज की दिल्ली-मुनस्यारी बस फंस गई। इससे मार्ग पर करीब एक घंटे तक अफरातफरी मची रही। जानकारी के अनुसार सोमवार को रोडवेज की मुनस्यारी से दिल्ली जा रही बस जैसे ही बड़ेत के पास पहुंची, वह सड़क पर जमा मलबे में फंस गई। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में जेसीबी मशीन से मलबा हटवाया गया। इसके बाद बस गंतव्य के लिए रवाना हो सकी।
सड़क पर निर्माण सामग्री और अतिक्रमण बन रहा मुसीबत
रोडवेज और केमू बस चालकों का कहना है कि यातायात पुलिस नगर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए उन्हें बाईपास से भेजती है लेकिन इस मार्ग पर किनारे या बीच रास्ते पर ही रेता, बजरी, पत्थर और मलबा डंप कर दिया जाता है। इससे वहां से बड़े वाहनों का निकलना दूभर हो जाता है और आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। चालकों ने प्रशासन से सड़क पर अवैध रूप से रखी जा रही निर्माण सामग्री को हटवाने और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। संवाद