बागेश्वर में चल रही फुटबॉल प्रतियोगिता में भिड़ते दिल्ली और एमपी के खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नुमाइशखेत मैदान में फ्रेंड्स क्लब की ओर से आयोजित ऑल इंडिया नाइन ए साइड फुटबॉल प्रतियोगिता जारी है। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता के अंतिम लीग मैच में भाटी क्लब दिल्ली और सुहागपुर मध्य प्रदेश की टीम के बीच मुकाबला हुआ। दिल्ली की टीम ने एकतरफा मैच में मध्य प्रदेश को 7-0 के गोल अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मुकाबले में शुरुआत से ही दिल्ली की टीम का दबदबा रहा। टीम की ओर से गौरव, रोहित और निश्चय अधिकारी ने नियमित अंतराल में दो-दो गोल दागकर मैच को एकतरफा बना दिया। मध्य प्रदेश की टीम की परेशानी को अधिक बढ़ाते हुए दिल्ली के खिलाड़ी रजनीश ने मैच का सातवां गोल कर दिया। मध्य प्रदेश के खिलाड़ी पूरे मैच के दौरान दबाव में दिखे और टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
इससे पहले मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने किया। क्लब के सचिव कमल साह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल की टीमें तय हो गई हैं। मुनस्यारी, रुद्रपुर, लुधियाना और दिल्ली की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को रुद्रपुर और लुधियाना के बीच फाइनल में जगह बनाने के लिए टक्कर होगी। मैच का संचालन महेश पंत और आकाश कुमार ने किया।