बागेश्वर। बीते कई दिनों से बंद चल रही रोडवेज की दिल्ली-अठपैसिया बस सेवा बृहस्पतिवार को दोबारा अठपैसिया पहुंची, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों ने राहत की सांस ली है। डिपो से बसों के चारधाम यात्रा में भेजे जाने के कारण इस रूट पर बसों का संचालन बाधित था।
स्टेशन प्रभारी गुसाईं राम ने बताया कि यात्रियों की संख्या और रूट के परीक्षण के लिए इस सेवा का संचालन किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही बसें चारधाम यात्रा से पूरी तरह लौट आएंगी, उसके बाद दिल्ली-अठपैसिया बस सेवा का नियमित और सुचारू संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस सेवा के शुरू होने से दिल्ली आने-जाने वाले स्थानीय प्रवासियों और ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी। संवाद