कपकोट (बागेश्वर)। विकासखंड सभागार में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य और भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाई। विजेता प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भागीदारी करेंगे।
महोत्सव का शुभारंभ करते हुए विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्थानीय युवाओं और बच्चों की प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है। उन्होंने नवयुवक और महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन सामग्री वितरित की। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महोत्सव के तहत हुई लोकगीत डिग्री कॉलेज कपकोट ने पहला, विवेकानंद विद्या मंदिर हिचौड़ी ने दूसरा और कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
सामूहिक लोकनृत्य में विवेकानंद विद्या मंदिर हिचौड़ी पहले, डिग्री काॅलेज कपकोट दूसरे और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की टीम तीसरे स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में डिग्री कॉलेज कपकोट की सीता पपोला को पहला, सरिता दानू को दूसरा और अंजलि ऐठानी को तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिताओं के निर्णायक की भूमिका में चंद्र शेखर लोहनी, विपिन उपाध्याय और ओम प्रकाश थपलियाल रहे। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र कोहली ने विजेताओं को पुरस्कार दिए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, बीडीओ सुभाष चंद्र लोहनी, पूर्व प्रमुख मनोहर राम, कनिष्ठ प्रमुख विक्रम खाती, प्रोफेसर मुन्ना जोशी, सुरेश राठौर आदि मौजूद रहे। संवाद