बागेश्वर। भाटगाड़ गांव की बिजली लाइन 10 साल से खस्ताहाल है। बिजली के तार कसे न होने के कारण वह कई जगह झूल रहे हैं। कई जगह तारों को लकड़ी के बल्ली के सहारे रोका गया है जबकि कई जगह तारों को पेड़ों के सहारे रोका गया है। लाइन के ठीक न होने से राहगीरों को करंट लगने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीण यूपीसीएल से लाइन ठीक कराने की गुहार कई बार लगा चुके हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। परेशान ग्रामीणों ने तारों को शीघ्र न कसने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
यूपीसीएल ने भाटगाड़ गांव के 26 परिवारों के लिए 10 साल पहले बिजली की लाइन बनाई थी। लाइन की हालत अब खस्ता हो चुकी है। कई जगह तार काफी नीचे तक झुक गए हैं। ग्रामीणों ने करेंट लगने के भय से बचने के लिए कई जगह लकड़ी के लट्ठे खड़े किए हैं। कई जगह तारों को पेड़ों पर बांधा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने यूपीसीएल से तारों को कसने के लिए कई बार कह दिया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने लाइन के शीघ्र न सुधरने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इधर यूपीसीएल के ईई भाष्कर पांडे ने बताया कि संबंधित जेई को मौके पर भेजकर समस्या सुलझाई जाएगी।