बागेश्वर जिले के गरुड़ ब्लॉक के सैलाबगड़ मेगड़ीस्टेट निवासी भावना देवी की प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और तबीयत बिगड़ने से जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
भावना देवी की एएनसी विवरण के मुताबिक एलएमपी छह नवंबर 2025 और संभावित प्रसव तिथि 13 अगस्त 2026 थी। यह उनकी छठवीं गर्भावस्था थी। रविवार नौ अगस्त की शाम प्रसव पीड़ा होने पर ग्राम सिमसाल की आशा कार्यकर्ता उन्हें तुरंत निजी वाहन से शाम 5:30 बजे सीएचसी बैजनाथ लाई। जहां शाम 7:32 बजे भावना ने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों सामान्य बताए जा रहे थे। मरीज में पहले से ही खून की कमी थी और यह हाई रिस्क डिलीवरी की श्रेणी में दर्ज थी। प्रसव के लगभग एक घंटे बाद भावना का ब्लड प्रेशर बढ़ गया और उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव के साथ चक्कर आने की शिकायत होने लगी।
सीएचसी बैजनाथ में ब्लड बैंक और पर्याप्त खून की व्यवस्था न होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के साथ खून की वैकल्पिक दवाइयां दीं। उस समय तक मरीज बातचीत कर रही थीं और वाइटली स्टेबल थीं। अस्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीएचसी बैजनाथ से मरीज को रात 8:30 बजे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से मरीज रात करीब 10:30 बजे जिला अस्पताल पहुंची। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत खून चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की और ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। लेकिन मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ और तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात 12:25 बजे भावना देवी ने अंतिम सांस ली। जिला अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना परिजनों और उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।