कपकोट/बागेश्वर। ज्वाइनिंग के बाद पहली छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की बाइक हादसे में मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा, पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक नवरात्र में पूजा के लिए घर आया था।
कपकोट के ग्राम कानलौ (जसरौली) गांव निवासी गोविंद सिंह ऐठानी के पुत्र पवन ऐठानी (21) सेना की 16 कुमाऊं बटालियन में जवान थे। प्रशिक्षण के बाद उन्हें पहली ज्वाइनिंग अरुणाचल प्रदेश में मिली थी। नवरात्र में पूजा करवाने के लिए वह छुट्टी पर घर आए थे। इस दौरान शनिवार शाम वह घर से भराड़ी बाजार की ओर आ रहे थे। फायर कार्यालय के आगे कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को दी। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने उन्हें गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि अस्पताल लाने तक पवन की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया। रविवार को सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। इस घटना पर विधायक सुरेश गढ़िया, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, सभासद तनुज तिरुवा आदि ने दुख जताया है।
एंबुलेंस नहीं थी, एसडीआरएफ अपने वाहन से अस्पताल लाई
बागेश्वर। एसडीआरएफ प्रभारी हृदयेश परिहार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद वह साथियों को लेकर मौके पर गए। अस्पताल में एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने एंबुलेंस को हल्द्वानी भेजने की सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ के वाहन से ही जवान को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी।
एक महीने में दूसरे सैनिक की हुई हादसे में मौत
बागेश्वर। जिले में एक महीने के भीतर बाइक हादसे में दो सैनिक जान गंवा चुके हैं। इससे पूर्व मार्च में होली के दौरान काफलीगैर तहसील क्षेत्र के रैखोली गांव निवासी कुमाऊं स्काउट के जवान धर्मेंद्र सिंह रावत की बसौली में हुई बाइक दुुर्घटना में मौत हो गई थी।