बागेश्वर। कपकोट विकासखंड के होराली गांव में खाई में गिरकर शिक्षा विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक का शव खोजबीन करने पर तीसरे दिन खाई से मिला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम होराली निवासी युवराज सिंह चौहान (51) पुत्र बद्री सिंह चौहान एलबीएस इंटर कॉलेज सनेती में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। वह 17 मार्च को घर से स्कूल गए थे लेकिन तब से घर नहीं लौटे। परिजनों और गांव के लोगों ने 17 और 18 मार्च को उनकी तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। रीमा पुलिस चौकी के प्रभारी संजय बृजवाल ने बताया कि रविवार को युवराज सिंह चौहान के बड़े भाई पृथ्वीराज चौहान रीमा पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराने आ रहे थे। ढूंढखोज में लगे ग्रामीणों ने पृथ्वीराज चौहान को युवराज सिंह के कोठान और होराली के बीच कच्चे रास्ते से नीचे खाई में गिरे होने की सूचना दी। वह रास्ते से करीब 10 मीटर नीचे खाई में मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना पर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। घटना की सूचना मिलने पर होराली के लोगों का हुजूम घटनास्थल पर एकत्र हो गया था।