जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी ने गुरुवार को विकास भवन परिसर में स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण कर उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। इस मौके पर युवा कल्याण, डेयरी और उरेड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डीएम के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी ने सुबह 10.15 बजे युवा कल्याण विभाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गजेंद्र सिंह अनुपस्थित मिले। डेयरी विकास विभाग में नरेंद्र लाल, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक तथा दुर्गेश सिंह जंगपांगी दुग्ध निरीक्षक अनुपस्थित पाए गए। वहीं लघु सिंचाई विभाग के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर पाया कि अपर सहायक अभियंता मोहन चंद्र त्रिपाठी 26 दिसंबर, ड्राफ्ट मैन विनोद चंद्र पांडे 23 दिसंबर, वाहन चालक भूपेंद्र सिंह 26 दिसंबर से भ्रमण पर हैं। जबकि पंजिका में भ्रमण कार्यक्रम अंकित नहीं किया गया था। भ्रमण 28 दिसंबर को एक ही हैंड राइटिंग में भरा मिला।
उद्योग विभाग के निरीक्षण के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा 30 दिसंबर को उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर मिले। उन्होंने इस तरह की प्रवृत्ति पर गहरी नाराजगी जताई। उरेड़ा विभाग का निरीक्षण करने पर एमसी मिश्र अनुपस्थित मिले। समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान मोहन नाथ गोस्वामी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं कनिष्ठ सहायक चंपा देवी अनुपस्थित पाई गई। अन्य विभागों में कई अधिकारी व कर्मचारी आकस्मिक अवकाश पर पाए। उन्होंने कार्यालयों से अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण देने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों से अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए समय से कार्यालय आने और बिना अनुमति के अवकाश पर न जाने के निर्देश दिए।