बागेश्वर। सड़कों के किनारे बनी नालियों के सफाई के कोई इंतजाम नहीं हैं। नालियों की सफाई न होने के कारण घरों, होटलों से निकलने वाले गंदे पानी का निकास नहीं हो पा रहा है। नागरिकों और व्यापारियों ने लोनिवि से नालियों की शीघ्र सफाई करवाने की मांग की है।
जिले के विभिन्न हिस्सों को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए कई सड़कें बनी हैं। इनमें बागेश्वर-ताकुला-बरेली, बागेश्वर-कौसानी-अल्मोड़ा, बागेश्वर-कांडा-पिथौरागढ़, बागेश्वर-कपकोट, भराड़ी-शामा-सोंग, बालीघाट-रीमा-धरमघर, कपकोट-कर्मी समेत अनेक सड़कें प्रमुख हैं।
इनमें से कुछ सड़कों में सीमित क्षेत्रों में पक्की नालियां तो बड़े हिस्सों में कच्ची नालियां खोदी गई हैं लेकिन नालियों की सफाई न होने से उनमें मलबा जमा है जबकि कई स्थानों पर घास उगी है। झाड़ियां भी नहीं काटी हैं। गंदगी, घास-फूस से ओझल नालियों की सफाई न होने से सड़क टूटने का खतरा है।
कुछ समय बाद बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। लोगों का कहना है कि बरसात से पहले नालियों की सफाई नहीं हुई तो इसके आसपास रह रहे लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ेेंगी। उन्होंने लोनिवि से नालियों की शीघ्र सफाई करवाने को कहा है।
मांग करने वालों में वृक्षप्रेमी किशन मलड़ा, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश पर्वतीय, जीवन सिंह, रतन सिंह, विनोद पांडे, कृष्णा दत्त जोशी, रमेश चंद्र, राम सिंह आदि शामिल हैं। इधर लोनिवि प्रांतीय खंड के ईई आरके पुनेठा ने बताया कि बरसात से पहले नालियों की सफाई कराने के प्रयास किए जाएंगे।