कपकोट-बागेश्वर मोटर मार्ग पर मानसून काल में टूटकर गिरी चट्टान हादसे को दावत दे रही है। चट्टान खिसकने से सड़क का आधा भाग ढक गया है जिसमें वाहनों को पास देने में भी समस्या आती है। रात के समय में दुर्घटना होने का खतरा अधिक होता है।
कपकोट-बागेश्वर मोटर मार्ग पर मानसून काल में टूटकर गिरी चट्टान हादसे को दावत दे रही है। चट्टान गिरने से सड़क पर तीक्ष्ण मोड़ बना है और सड़क संकरी भी हो गई है।
विज्ञापन
बागेश्वर-कपकोट सड़क पर ओलिंग के पास वाहन एक तरफ ढलान में आते हैं। दूसरी ओर से चढ़ाई में चट्टान खिसकने से बने मोड़ पर वाहनों के आमने-सामने टकराने की संभावना बनी रहती है। चट्टान खिसकने से सड़क का आधा भाग ढक गया है जिसमें वाहनों को पास देने में भी समस्या आती है। सड़क के एक किनारे सरयू नदी है। रात के समय में दुर्घटना होने का खतरा अधिक होता है। क्रैश बैरियर और पैरापिट न होने से वाहनों का सीधे नदी में गिरने का खतरा बना हुआ है। वाहन चालक खुशाल सिंह मेहता, चंचल सिंह, लक्ष्मण सिंह, डुंगर सिंह ने बताया कि कुछ साल पहले यहां से एक वाहन नदी में गिर गया था। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष विवेक कोरंगा, चामू सिंह, भगवत कपकोटी, नरेंद्र कोरंगा, नंदन सिंह, परवीन सिंह ने चट्टान हटाने और क्रश बैरियर लगाने की मांग की है।
बीआरओ के अधिकारी जीएस खाती ने बताया कि सेक्टर 37.9 ओलिंग के पास सड़क में चट्टान खिसक कर आई है जिसको तोड़ने के लिए बड़ी मशीन की आवश्यकता है। सड़क के नीचे मकान होने से तोड़कर फेंका नहीं जा सकता। सड़क सुरक्षा के लिए पैरापिट बनाए जाएंगे।