कपकोट के मुनार में खाई में गिरा गैस का ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
भराड़ी-सोंग-सूपी मार्ग पर मुनार के पास शनिवार को अचानक सड़क धंसने से रसोई गैस के सिलिंडरों से लदा एक टेंकर दस मीटर नीचे खाई में जा गिर गया। दुर्घटना में चालक और हेल्पर घायल हो गए। उन्हें सीएचसी कपकोट लाया गया। डाक्टरों ने उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी। हल्द्वानी से आ रहे टेंकर में सांसद आदर्श गांव सूपी व अन्य गांवों के लिए सिलिंडर लदे थे।
थानाध्यक्ष वंदना चौहान के अनुसार शनिवार सुबह हल्द्वानी से सूपी गांव के लिए रसोई गैस के सिलिंडर लेकर जा रहा टेंकर वाहन संख्या यूके 04 सीबी 3127 भराड़ी-सोंग-सूपी सड़क पर मुनार के पास सड़क धंसने से 10 मीटर नीचे खाई में गिर गया। दुर्घटना में चालक गोपाल सिंह 52 वर्ष पुत्र काम सिंह निवासी हल्द्वानी, हेल्पर दीवान राम 50 वर्ष पुत्र तिल राम कपकोट घायल हो गए। दोनों को सीएचसी कपकोट में उपचार के बाद छुट्टी दे गई है। टेंकर में 222 सिलिंडर रसोई गैस, छह सिलिंडर व्यावसायिक थे। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान और रसोई गैस एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। गैस कर्मियों ने सिलिंडर दूसरे वाहन से सूपी गांव भेजे।