नगर में अगले महीने लगने वाले कुमाऊं के सुप्रसिद्ध उत्तरायणी मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मेला कमेटी की बैठक में मेले में दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रम तय किए गए। बैठक में तय किया गया कि इस बार के मेले में देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक दिखाई देगी। मेले के दौरान एपण, मेंहदी और एपण प्रतियोगिता भी होगी। नागरिकों और व्यापारियों से मेले को भव्य और आकर्षक बनाने में पूरा सहयोग देने की अपील की गई।
नगर पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष गीता रावल की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि सांस्कृतिक झांकियों में स्थानीय लोक कलाकारों के अलावा देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियां शामिल होंगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाली झांकियों को पुरस्कृत किया जाएगा। मेले के दौरान 14 जनवरी को एपण, 15 को मेंहदी और 16 जनवरी को रंगोली प्रतियोगिता होगी। प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अपना नाम 14 जनवरी की सुबह दर्ज कराना होगा।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस बार सरयू के तट पर दुुकानें आवंटित नहीं की जा रही हैं। इससे मेलार्थियों को स्नान और मंदिर के दर्शन, पूजन, संस्कार आदि में खासी सुविधा होगी। उन्होंने मेले की व्यवस्था बनाने में सभी से पूरा सहयोग देने की अपील की है।