हल्द्वानी में करवा चौथ के लिए करवा और सींक खरीदती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
सुहाग के पर्व करवाचौथ की रौनक बुधवार को हल्द्वानी के बाजारों में खूब नजर आई। हाथों में मेहंदी रचाने से लेकर साड़ी, गहने और पूजन सामग्री खरीदने तक, महिलाएं दिनभर त्योहार की तैयारियों में जुटी रहीं। पटेल चौक, सदर बाजार, मीरा मार्ग और कारखाना बाजार में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक बनी रही। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार बाजार में पिछले साल के मुकाबले बिक्री बढ़ी है और त्योहार को लेकर दुकानदारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
करवाचौथ से एक दिन पहले बुधवार को हल्द्वानी के बाजारों में त्योहार की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। दुकानें छलनी, करवा, श्रृंगार का सामान, साड़ी, लहंगों से सजी थीं। व्यापारी गोविंद सिंह ने बताया कि इस बार पिछले साल के मुकाबले 30 प्रतिशत ज्यादा बिक्री हुई है। सदर बाजार के व्यापारी नेता योगेश कुमार ने कहा कि सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक बाजार में खासी भीड़ रही। महिलाओं ने पूजन सामग्री और श्रृंगार का सामान जमकर खरीदा।
मेहंदी लगवाने के लिए लगी कतारें, देर रात तक चले स्टॉल
करवाचौथ पर मेहंदी का विशेष महत्व है। इसलिए मेहंदी स्टॉलों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मीरा मार्ग समेत अन्य बाजारों में मेहंदी आर्टिस्ट सुबह से देर रात तक मेहंदी लगाते रहे। मेहंदी आर्टिस्ट रेनू और प्रेमा ने बताया कि एक हाथ की मेहंदी के 200 से 500 रुपये तक लिए जा रहे हैं। महिलाओं ने करवाचौथ स्पेशल डिजाइन खूब पसंद किए। कई जगह बुकिंग पहले से फुल थी।
ज्वैलरी-साड़ी की डिमांड रही
करवाचौथ पर पत्नियों के लिए उपहार खरीदने में पुरुष भी पीछे नहीं रहे। ज्वेलरी और साड़ी की दुकानों पर भी भीड़ रही। व्यापारी नेता मनोज अग्रवाल ने बताया कि इस बार सोने-चांदी की छोटी ज्वैलरी, साड़ी, सूट और कॉस्मेटिक गिफ्ट पैक की सबसे ज्यादा मांग रही। कई दुकानों पर ''करवाचौथ स्पेशल ऑफर'' भी लगाया गया था।