कपकोट (बागेश्वर)। रविवार को भराड़ी बाजार में एक ग्रामीण ने दूसरे के सिर में बोतल मार कर घायल कर दिया। घायल ग्रामीण ने कपकोट थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 11 बजे खर्कतोली गुलेर निवासी पुष्कर सिंह भराड़ी बाजार में कहीं जा रहा था। इसी दौरान बाजार में गांव के ही विपिन पुरी ने बिना वजह उसके सिर में बोतल मार दी। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुष्कर का सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में उपचार किया गया। चोट लगने से उसके सिर पर चार टांके लगे हैं। हमलावर के खिलाफ धारा 323, 504 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई उत्तम सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।