बागेश्वर। निजी स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर प्रशासन, शिक्षा विभाग ने बुक स्टोर और स्कूलों में ताबड़तोड़ छापे मारे। इस दौरान बुक स्टोरों में दूसरे प्रकाशकों की 153 किताबें जब्त की गई। बच्चों से एसएमएस चार्ज लेने पर चार स्कूलों को नोटिस भी जारी किए गए।
शुक्रवार को एसडीएम एसएस राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न बुक स्टोरों में छापे मारे। छापे में बुक स्टोरों में एनसीईआरटी के साथ ही अन्य प्रकाशकों की पुस्तकें भी पाई गई। एनसीईआरटी से इतर मिली 153 किताबों को सीज कर विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गए। इसके बाद टीम ने महर्षि विद्या मंदिर, जिम कॉर्बेट, गायत्री विद्या मंदिर स्कूल में सीसीटीवी, कक्षा-कक्ष, सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कुछ विद्यालयों में एसएमएस चार्ज और आईकार्ड की फीस लेने पर नोटिस जारी किया गया। छापामारी करने वाली टीम में उप शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान शामिल थीं। अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्कूलों ने प्रवेश शुल्क का मोड बदल दिया है, जिसकी जांच की जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।