बागेश्वर। शराब पीकर खतरनाक ढंग से बस चलाने पर केमू बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बस को सीज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक केमू की बस (यूके01पीए0144) रविवार को हल्द्वानी से पालड़ीछीना के लिए निकली थी। दोपहर को झिरौली थाना पुलिस को किसी ने सूचना दी कि बस चालक खतरनाक ढंग से बस को चला रहा है। इस पर थाना पुलिस ने काफलीगैर चेक पोस्ट के पास बस को रोकने की कोशिश की। यहां भी चालक ने बस नहीं रोकी और बस की रफ्तार बढ़ा दी। इस पर पुलिस ने पीछा कर हनुमान गढ़ी के पास बस को रोक लिया।
बस में 40 यात्री सवार थे जबकि परिवहन नियमों के अनुसार बस 28 सवारियों के लिए पास थी। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रमेश चंद्र सनवाल पुत्र शंकर दत्त सनवाल निवासी मुक्तेश्वर बताया। पुलिस के अनुसार चालक ने जमकर शराब पी रखी थी। नशे की हालत में वह बस को खतरनाक ढंग से दौड़ा रहा था।
इस पर पुलिस ने चालक का मेडिकल कराने के बाद चालक के खिलाफ 279, 336 आईपीसी, 185,207 एमवी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बस को भी सीज कर दिया गया है।