बागेश्वर। रीमा पुलिस चौकी में चालक पद पर कार्यरत सिपाही रविवार शाम नशे की हालत में माल रोड के एक घर में घुस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिपाही को काबू कर जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। एसपी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने पुलिस से मामले की जांच शीघ्र कर रिपोर्ट मांगी है।
रविवार रात करीब 8:30 बजे रीमा चौकी में चालक पद पर कार्यरत अनिल घिल्डियाल नगर के माल रोड स्थित एक घर में घुस गया। आरोप है सिपाही नशे की हालत में था।
गालीगलौज करते हुए उसने घर के दरवाजे पर लगी कुंडी तोड़ दी। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ने आरोपी को काबू कर जिला चिकित्सालय में उसका मेडिकल कराया। मामले की सूचना मिलते ही एसपी मुकेेश कुमार ने प्रथम दृष्टया सिपाही को दोषी पाते हुए उसे निलंबित करने के आदेश कर दिए।
आरोपी सिपाही इस दौरान पुलिस लाइन से संबद्ध रहेगा। एसपी ने कहा कि वर्दी की आड़ में कोई भी पुलिस कर्मी इस तरह की हरकत करता पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।