बागेश्वर। बैजनाथ थाना क्षेत्र के लखनी गांव निवासी बुजुर्ग महिला से लूट के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि बीते दस मई को रेवती देवी (85) ने राजस्व पुलिस लखनी को चोरी की तहरीर दी थी। बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। उनके कान के कुंडल, मोबाइल फोन और 10,000 रुपये भी लूट लिए। राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा- 309(6) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। गंभीर प्रकृति का अपराध होने के चलते केस रेग्यूलर पुलिस को हस्तांतरित किया गया। एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने 40 से 45 सीसीटीवी की 1200 घंटे से अधिक की रिकॉर्डिंग चेक की। कैमरों से मिले सुराग के आधार पर आरोपी विशाल अधिकारी को लूटे गए मोबाइल के साथ कपकोट के हरसीला और देवेंद्र कुमार उर्फ बब्लू को लूटी गई नकदी और आभूषण के साथ कौसानी से गिरफ्तार किया गया। संवाद