बागेश्वर। कोतवाली पुलिस पर चेकिंग अभियान के दौरान एक चालक ने जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं।
सोमवार रात कोतवाल कैलाश सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम कपकोट मोटर मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान बालीघाट तिराहे, माणीखेत धारे के पास पुलिस ने कपकोट की तरफ से आ रही बोलेरो संख्या यूके 01टीए 4265 को रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से पुलिस टीम की तरफ दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने किसी तरह खुद को बचाया। मौके का फायदा उठाकर वाहन में सवार तीन लोग फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया। कोतवाल नेगी ने बताया कि वाहन में बैठे एक युवक की पहचान रोहित बिष्ट निवासी चल्थी, खत्यूड़ा, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। उसके और दो अज्ञात के खिलाफ 109/3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। इधर, एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। संवाद