बागेश्वर। कोतवाली पुलिस ने शराब पीकर ग्राम प्रहरी से गाली-गलौज करने के आरोपी का पुलिस एक्ट में चालान किया है।
कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के मालता निवासी रंजीत सिंह कनवाल ग्राम प्रहरी सूरज सिंह कनवाल से गाली-गलौज कर रहा था। ग्राम प्रहरी की शिकायत पर पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि उक्त व्यक्ति को पूर्व में आबकारी विभाग ने किसी मामले में पकड़ा था। व्यक्ति को शक था कि ग्राम प्रहरी ने इसकी शिकायत की है। इसी वजह से वह ग्राम प्रहरी से गाली-गलौज कर रहा था। आरोपी शराब के नशे में था। कोतवाल ने बताया कि एसपी हिमांशु वर्मा के निर्देश पर होली को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। किसी को भी हुड़दंग मचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। कोतवाली क्षेत्र में पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है। अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने वारंटी को गिरफ्तार किया
बागेश्वर। बैजनाथ थाना पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट गरुड़ की ओर से जारी वारंट के आधार पर अभियुक्त ओम प्रकाश निवासी ऋषिकेश को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ धारा 420/120बी/406 आईपीसी के तहत केस चल रहा है।