बागेश्वर में कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण करतीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव त्रिचा रावत। ?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) त्रिचा रावत ने निगरानी समिति के सदस्यों के साथ केएमवीएन गेस्ट हाउस में बनाए गए कोविड केयर सेंटर की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने कोविड केयर सेंटर में रह रहे मरीजों से वार्ता कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी के साथ ही उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली। मरीजों ने कहा कि कोविड केयर सेंटर में उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सक निरंतर स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। खाने-पीने में कोई कमी नहीं है।
एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने अवगत कराया कि कोविड केयर सेंटर 28 मार्च से शुरू किया गया है, जिसमें दो डॉक्टर, दो वार्ड ब्वाय के साथ ही सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। मरीजों की भोजन व्यवस्था के लिए पर्यटक आवास गृह के कार्मिकों को तैनात किया गया है। नगरपालिका सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई की व्यवस्था कर रही है। कोविड केयर सेंटर में 30 बेड हैं। वर्तमान समय में 15 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इस दौरान कोविड केयर सेंटर से निकलने वाले कूड़े के उचित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समिति के सदस्यों ने जिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षित दूरी का सही ढंग से पालन न होने पर सीएमएस डॉ. एलएस टोलिया को चिकित्सालय में आने वाले मरीजों से सुरक्षित दूरी, मास्क का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए। कहा कि जिन डॉक्टरों के पास मरीजों की ज्यादा भीड़ रहती है, वहां पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने, अस्पताल में सुबह-शाम सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए। भ्रमण में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी भी थे।