बागेश्वर महाविद्यालय में कोविड सेंटर बनाने का विरोध करते छात्र। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। डिग्री कॉलेज परिसर में कोविड केयर सेंटर के विरोध में धरने पर बैठे छात्र नेताओं ने कहा कि कॉलेज में कोविड सेंटर नहीं बनने दिया जाएगा। कोविड सेंटर के लिए प्रशासन कोई और जगह तलाशे। छात्र नेताओं ने 17 नवंबर तक इस मामले में काई कार्यवाही न होने पर 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ जोशी के नेतृत्व में धरने पर बैठे अभाविप और एनएसयूआई के छात्र नेताओं ने प्रशासन के लिखाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि कोरोना जैसी भयानक बीमारी के मरीजों के लिए शिक्षा के केंद्र में कोविड सेंटर नहीं बनने दिया जाएगा। नगर में कई स्थान ऐसे हैं जहां पर कोविड सेंटर बनाया जा सकता है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हम शासन/प्रशासन के साथ हैं, लेकिन कॉलेज परिसर में कोविड सेंटर कतई नहीं बनने दिया जाएगा।
कॉलेज में कोविड सेंटर को बनाना किसी भी हालत में उचित नहीं है। कोरोना को लेकर सरकार ने सख्त नियम निर्धारित किए हैं। कॉलेज के बीचों बीच कोविड सेंटर खोला जाना गलत है। धरना देने वालों में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, छात्रसंघ उपाध्यक्ष जयदीप कुमार, रोहित पंत, आशीष कुमार, हरेंद्र दानू, हिमांशु जोशी, योगेश जोशी शामिल थे।