बागेश्वर। जिले में मानसूनी बारिश से नुकसान होने का सिलसिला जारी है। विगत दिनों हुई बारिश के दौरान गरुड़ तहसील क्षेत्र में एक मकान का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया जबकि कपकोट में एक घर के पीछे लगी सुरक्षा दीवार गिर गई। जिले में पांच सड़कों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है।
रविवार की रात को कपकोट में 15 मिमी और बागेश्वर ब्लॉक में तीन मिमी बारिश हुई। सोमवार को सुबह से मौसम साफ रहा। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार विगत दिनों की बारिश में गरुड़ तहसील के छटिया निवासी शांति देवी पत्नी सिकंदर नाथ के आवासीय मकान का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया। कपकोट तहसील के खर्ककानातोली निवासी धन सिंह पुत्र प्रताप सिंह के मकान के पीछे की सुरक्षा दीवार ढह गई। मकान को खतरा बना हुआ है।
बारिश के कारण बंद हुई चौंरा-भैरू, काफलीकमेड़ा, फरसाली-खर्ककानातोली, कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर और चेटाबगड़ सड़क पर अब तक यातायात सुचारू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी सामान पहुंचाने में परेशानी हो रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। जल्द सभी सड़कों के खुलने की उम्मीद है।