बागेश्वर। कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर पुलिसकर्मी कोरोना वीर की भूमिका के साथ मानवता का धर्म भी निभा रहे हैं। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे जिला मुख्यालय के दुग बाजार निवासी अमीर अहमद (74) पुत्र हाजी अब्दुल्ला को पथरी और पेट दर्द के कारण पेशाब में दिक्कत होने लगी। आर्थिक रूप से कमजोर होने के चलते बुजुर्ग इलाज करवाने में असमर्थ थे। उनकी परेशानी को देखते हुए कांस्टेबल रवींद्र बोहरा ने बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया और अल्ट्रासाउंड करवाकर जांच करवाई। उपचार के बाद बुजुर्ग को दवाइयां दिलाकर घर पहुंचाया। मूल रूप से बादलीटांडा रामपुर निवासी बुजुर्ग माल रोड पर पेट्रोल पंप के पास ठेला लगाते हैं। बुजुर्ग ने सहयोग के लिए पुलिसकर्मी का आभार जताया है।