पअल्मोड़ा/बागेश्वर। अल्मोड़ा में शुक्रवार को 34 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें डीईओ प्रारंभिक कार्यालय अल्मोड़ा के एक प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। फिलहाल कार्यालय को सैनिटाइज कर तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया हैं। इधर बागेश्वर में आठ लोग संक्रमित पाए गए हैं।
डीईओ प्रारंभिक कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी में संक्रमण की पुष्टि हुई। सीईओ एचबी चंद ने बताया कि मुख्य शिक्षा और डीईओ कार्यालय एक ही भवन में हैं। प्रशासनिक अधिकारी के संक्रमित निकलने पर तीन दिनों के लिए दोनों कार्यालय बंद कर दिए गए हैं। अब मंगलवार को कार्यालय खुलेगा। फिलहाल सभी कार्य घरों से निपटाए जाएंगे। इधर शुक्रवार को द्वाराहाट ब्लॉक में कोरोना के छह, ताड़ीखेत और चौखुटिया में आठ-आठ, भैंसियाछाना में दो और अल्मोड़ा लोकल में दस लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 34 नए मरीजों के साथ ही जिले में कुल मरीजों की संख्या 2937 हो चुके हैं, जिसमें से 2704 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अल्मोड़ा में संक्रमण के 213 मामले सक्रिय हैं।
बागेश्वर में शुक्रवार को आठ नए मामले आए, 13 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में 83 कोरोना संक्रमितों का कोविड अस्पताल में उपचार चल रहा है। सीएमओ डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि जिले में कोरोना के 1325 पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। 1229 मरीज कोविड उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं। 13 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।