बागेश्वर। बागेश्वर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो है। वर्तमान में जिले में कोरोना के मात्र 15 सक्रिय मामले हैं। चिकित्सकों ने कोरोना संक्रमण के घटने का सुखद बताते हुए लोगों से लापरवाही नहीं बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से बाहर निकलने पर सुरक्षित दूरी का पालन करने और मास्क पहनने की अपील की है। रविवार को संक्रमण का काई नया मामला नहीं आया।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर में 24 मार्च को कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। उसके बाद मई में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा सैकड़ों में रहा। पहली लहर में जिले में 1418 मामले सामने आए थे और 17 लोगों की मौत हुई थी। दूसरी लहर में शनिवार तक 4692 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 39 लोगों की मौत हो गई। 30 मई से जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने लगी। जून में केस काफी कम हो गए। बता दें कि जिले में अब तक 6010 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 5938 स्वस्थ हो गए हैं। वर्तमान में 15 संक्रमितों को घर में आइसोलेट किया गया है। रोजाना 350 से 400 सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
कोरोना संक्रमण के कम मामले आने से राहत मिली है। जिले से रोज साढ़े तीन सौ से चार सौ सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। खतरा अभी टला नहीं है। लोगों को अब भी कोरोना के प्रति गंभीर रहना होगा। नियमों का पालन करना होगा। - डॉ. बीडी जोशी सीएमओ बागेश्वर