बागेश्वर। डीएम अनुराधा पाल ने पुलिस को नियमित रूप से गश्त कर नशेड़ियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बाल संरक्षण हितकारक विभागों की बैठक लेते हुए डीएम ने वात्सल्य योजना के लिए चयनित विशेष आवश्यकता वाले 49 बच्चों की सूची को अनुमोदित किया। पिछली बैठक की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जिले में नशा उन्मूलन के लिए विशेष प्रयास करने होंगे। हितकारक विभागों से समन्वय स्थापित कर स्कूलों, अस्पतालों में बच्चों के हित से संबंधित नियमों का पालन कराने को कहा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी हेम तिवारी ने बताया कि नीलेश्वर में बाल गृह संचालित कर दिया गया है। आवश्यक स्टाफ की तैनाती की गई है। बताया कि वर्तमान में सीडब्लूसी में एक और किशोर न्याय बोर्ड में दो मामले विचाराधीन हैं। परिवहन कर अधिकारी हरीश रावल ने बताया कि स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। स्कूल बसों में जीपीएस और महिला हेल्पर पाए गए। कुछ स्कूल बसों में महिला हेल्पर नहीं है।
डीएम ने समय-समय पर स्कूल बसों का संयुक्त निरीक्षण करने को कहा। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट ने बताया कि क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजे हैं। वन स्टाप सेंटर को फिर से संचालित कर दिया है।
.