एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने मंगलवार को पर्यटन नगरी कौसानी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों को सड़कों के किनारे रखी भवन निर्माण सामग्री शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी सड़कें शीघ्र खाली नहीं करने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बता दें कि अमर उजाला ने इस संबंध में 21 मार्च के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित थी। एसडीएम बिष्ट ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को कौसानी के मुख्य और आंतरिक सड़कों का मौका मुआयना किया। उन्होंने निर्माण कार्य पर लगी एजेंसियों और नागरिकों से कहा कि वह सड़क किनारे रखी भवन सामग्री, ईंट, रेता, पत्थर और लोहे की सरिया को तत्काल हटा लें।
लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है और देश-विदेश से पर्यटकों का आना भी शुरू हो गया है। पर्यटकों और उनके वाहनों के आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए सड़कों का अतिक्रमणमुक्त होनी जरूरी हैं। इसमें सभी का सहयोग जरूरी है। वह समय-समय पर क्षेत्र के भ्रमण पर आते रहेंगे। ब्यूरो