बागेश्वर में महंगाई को लेकर जुलूस निकालते कांग्रेसी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। प्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने खाली सिलिंडर लेकर नगर में जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने पर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। कांग्रेस नेता राजेंद्र टंगड़िया खाली सिलिंडर सिर पर रखकर जुलूस में शामिल हुए। एसबीआई तिराहे से चौक बाजार, बागनाथ मंदिर होते हुए नुमाइशखेत में जुलूस का समापन हुआ। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
कहा कि केंद्र और प्रदेेश की डबल इंजन सरकार ने जनता की परेशानी दोगुनी कर दी है। देश और प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। कोरोना की मार से पहले ही लोग परेशान थे, अब महंगाई ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सरकार के बजट में भी महंगाई कम करने को लेकर कोई बात नहीं कही गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस महंगाई से परेशान जनता के साथ है।
जब तक सरकार पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों को पूर्ववत नहीं करती, कांग्रेस संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कवि जोशी, महिला जिलाध्यक्ष गीता रावल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, अंकुर उपाध्याय, धीरज कोरंगा आदि थे।