गरुड़ (बागेश्वर)। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण को बनाए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने अपने तेवर और कड़े कर दिए हैं। कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व में गरुड़ और कपकोट क्षेत्र से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता गैरसैंण के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं ने घोषणा की है कि वे वहां आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होकर सरकार को आर-पार की लड़ाई का संकेत देंगे।
मंगलवार को रवाना होने से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि गैरसैंण राज्य की भौगोलिक स्थिति के केंद्र में है। राज्य आंदोलन के दौरान इसे राजधानी बनाने का जो संकल्प लिया गया था, सरकार उससे लगातार किनारा कर रही है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण के स्थायी राजधानी बनने से पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था में संतुलन आएगा। ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने कहा कि प्रदेश की जनता लंबे समय से गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग कर रही है, लेकिन सरकार केवल टालमटोल कर रही है। गैरसैंण रवाना हुए दल में जिपं सदस्य बबलू नेगी, कार्यकर्ता प्रकाश आर्य, दीपक कोहली, विशाल फर्स्वाण और महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
.