पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्व. गोपाल राम के निधन के बाद रिक्त हुई कांडे कन्याल सीट पर हुए उप चुनाव में स्व गोपाल राम की पत्नी कांग्रेस प्रत्याशी खष्टी देवी ने जीत दर्ज की है। खष्टी ने भाजपा के कमलेश कुमार को 1346 मतों से पराजित किया।
जिला पंचायत की सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस की खष्टी देवी व भाजपा के कमलेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला था। 25 ग्राम पंचायतों के 25 मतदान केंद्रों में 13 दिसंबर को हुए मतदान में कुल 2867 मत पड़े थे। शनिवार को विकास खंड सभागार में हुई मतगणना में कांग्रेस की खष्टी देवी को 2061 तथा भाजपा के कमलेश कुमार को मात्र 715 मत मिले। 91 मत अवैध पाए गए। खष्टी देवी को 1346 मतों से विजयी घोषित किया गया। उन्हें आरओ राकेश तिवारी ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व दर्जा मंत्री राजेंद्र टंगड़िया, कपकोट नपं अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, महेश कांडपाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष गीता रावल, विरेंद्र नगरकोटी ने जीत पर खुशी व्यक्त की है।
कांडा में निकला विजय जुलूस
कांडा। खष्टी की जीत पर कांडा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने इसे पूर्व जिपं सदस्य स्व. गोपाल राम को सच्ची श्रद्धांजलि करार दिया। जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि स्व गोपाल राम की लोकप्रियता का फिर से प्रमाण मिला है। कांडे कन्याल की जनता ने खष्टी को जिताकर स्व गोपाल राम को श्रद्धांजलि दी है। इस मौके पर प्रमुख गोपा धपोला, पूर्व प्रमुख राजेंद्र टंगड़िया, ब्लाक अध्यक्ष दीप कांडपाल, बबलू कांडपाल, विरेंद्र नगरकोटी, गंगा लाल, नाथ राम, कुंदन सिंह, अजय साह, ईश्वरी लाल, हीरा प्रकाश, दीप वर्मा, किशोरी वर्मा, प्रमोद जोशी, नंदन सिंह आदि थे।