जिले में खतरा बनी बिजली की लाइनों की बदहाली की शिकायत किए लंबा समय बीतने बाद भी इन्हें ठीक करने के लिए ऊर्जा निगम कोई कदम नहीं उठा पाया है। लाइनों की इस स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम में भी बिजली से संबंधित शिकायतें दर्ज करने को कहा है।
बागेश्वर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से सुधारीकरण नहीं होने के कारण बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हाल में हैं। जमीन या पेड़ों पर झूल रहे तारों की चपेट में आने से अभी तक कई हादसे हो चुके हैं। कई स्थानों पर पोल टेढ़े बने हुए हैं। तेज अंधड़ में इनके गिरने का खतरा बना रहता है। जिले में होने वाली क्षेत्र समिति की बैठकों में पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा बार-बार इस समस्या को उठाया जा चुका है। लेकिन लाइनों को ठीक करने के लिए ऊर्जा निगम की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है।
इसको देखते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को बिजली संबंधी शिकायतों का तेजी से निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति बिजली से संबंधित शिकायत विभागीय टेलीफोन नंबर 220037 के अलावा आपदा कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 05963- 220197 या 220196 पर भी कर सकता है। आपदा कंट्रोल रूम में दर्ज होने वाली शिकायतों को तत्काल विद्युत विभाग को ट्रांसफर कराया जाएगा।